नई दिल्ली: सलाद को अक्सर सेहत का सबसे आसान और सुरक्षित विकल्प माना जाता है हल्का, ताजा और बिना पकाए सीधे प्लेट में. लेकिन सवाल यह है कि क्या सच में हर कच्ची सब्जी आपके लिए फायदेमंद होती है? यह सवाल अब विशेषज्ञों के बीच भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है, क्योंकि हर चीज कच्ची खाने से शरीर को फायदा ही हो, यह जरूरी नहीं है.
कई सब्जियां कच्चे रूप में उतनी सुरक्षित या पचने में आसान नहीं होतीं, जितना हम समझते हैं. यह इस बात पर निर्भर करता है कि वे कैसे उगाई गई हैं, उनमें कौन-से तत्व मौजूद हैं और हमारा शरीर उन्हें कैसे पचाता है. ऐसे में कई विशेषज्ञों ने बताया है कि बिना ठीक से धोई गई कच्ची सब्जियां आंतों में इंफेक्शन का खतरा बढ़ा सकती हैं. उनके अनुसार, हल्का पकाना कई बार पाचन और सुरक्षा दोनों के लिए बेहतर होता है.
शिमला मिर्च को अक्सर सलाद में सीधे इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसमें सतह और बीजों पर सूक्ष्मजीव हो सकते हैं. इसलिए इसे अच्छी तरह धोना, बीज निकालना और हल्का पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. यह तरीका पोषण बनाए रखते हुए जोखिम को कम करता है.
अरबी के पत्ते भी इसी श्रेणी में आते हैं. अरबी के पत्ते को कच्चा खाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है. इनमें कैल्शियम ऑक्सालेट के क्रिस्टल पाए जाते हैं, जो गले में जलन और खुजली पैदा कर सकते हैं, साथ ही किडनी स्टोन का खतरा भी बढ़ा सकते हैं. इस कारण इसे अच्छी तरह पकाकर ही खाना चाहिए.
ब्रोकोली को सुपरफूड माना जाता है, लेकिन कच्ची ब्रोकोली हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं होती. इसमें मौजूद जटिल फाइबर और कुछ यौगिक पाचन को धीमा कर सकते हैं, जिससे गैस और सूजन की समस्या हो सकती है. इस कारण इसे भी पकाकर खाना चाहिए.
यह जरूरी नहीं कि हर कच्ची चीज सेहत के लिए बेहतर हो. कुछ सब्जियों को हल्का पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद होता है. साथ ही, साफ-सफाई का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. सब्जियों को अच्छी तरह धोना और जरूरत के अनुसार पकाना आपकी सेहत को बेहतर बनाए रख सकता है.